किसानों ने एसडीएम पर लगाया धरना स्थल पर न पहुंचने का आरोप, बोले—सड़क निर्माण होने तक जारी रहेगा आंदोलन……
मोहनलालगंज, लखनऊ। नगराम के कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले अधूरी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना बुधवार को 15वें दिन भी जारी रहा। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर डटे रहे और सड़क निर्माण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। किसानों का कहना है कि सड़क का निर्माण अधूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
धरने पर बैठे किसानों ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। किसानों का आरोप है कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए तहसील स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज ने 15 दिन बीत जाने के बावजूद धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनने की जहमत नहीं उठाई। किसानों का कहना है कि उपजिलाधिकारी प्रशासन, जिला स्तर के अधिकारियों, संबंधित विभागों और शासन के बीच समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का समाधान कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद सड़क निर्माण जैसी गंभीर समस्या को लेकर चल रहे आंदोलन पर अब तक प्रभावी पहल नहीं की गई।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र के अन्नदाता पिछले 15 दिनों से बारिश, भूख और प्यास की परवाह किए बिना जनहित की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी किसानों को लगातार आश्वासन देकर मामले को टाल रहे हैं, लेकिन धरातल पर सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से समय रहते पहल की जाती और संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए जाते तो क्षेत्रीय जनता को आवागमन की समस्या से राहत मिल सकती थी और किसानों को भी धरना समाप्त करने का अवसर मिलता। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक अधूरी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।धरना संचालक केशवराम लोधी ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसानों का नहीं बल्कि क्षेत्र की आम जनता के आवागमन और सुविधा से जुड़ा मुद्दा है। अधूरी सड़क के कारण ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है। ऐसे में प्रशासन को किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल सड़क निर्माण की दिशा में कदम उठाना चाहिए।धरने के दौरान किसानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए हस्ताक्षर भी किए। धरने पर मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, धरना संचालक केशवराम लोधी, रामकुमार प्रधान पति, रामदुलारे, नन्हे राम, राम कुमार यादव, अहिरवारदीन, करन सिंह, वीरपाल सिंह, शिवपूजन, ब्रह्मादीन समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।किसानों ने दो टूक कहा कि अधूरी सड़क का निर्माण पूरा होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। अब देखना यह है कि 15 दिन से चल रहे इस आंदोलन पर प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी कब तक प्रभावी कार्रवाई करते हैं।
