मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज के उत्तर गांव के पास स्थित कृष्णा कॉलेज ऑफ एजुकेशन एंड मैनेजमेंट एवं कृष्णा नर्सिंग एंड पैरामेडिकल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना से हुआ।इस दौरान विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां, भजन, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे विद्यार्थियों और बाल गोपाल के रूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। जन्माष्टमी के अनुरूप कॉलेज परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था।महाविद्यालय के निदेशक डॉ. अनुराग चतुर्वेदी ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। डॉ. तेजल जे. चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों से अवगत कराते हुए सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कृष्णा कॉलेज ऑफ एजुकेशन एंड मैनेजमेंट के प्राचार्य डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों और गीता के संदेशों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। वहीं कृष्णा नर्सिंग एंड पैरामेडिकल की प्राचार्या प्रो. जेनी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के संचालन में श्रीमती छवि, श्रीमती रचना, श्री नवनीत, श्री अक्षय समेत समस्त प्रवक्ताओं एवं स्टाफ का सहयोग रहा। बीएससी की छात्रा एकता और बीबीए छात्र अंश ने प्रभावी मंच संचालन किया। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
