निगोहा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर पीएम श्री विद्यालय, निगोहा गांव में भक्तिमय और उल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की मनमोहक झांकी सजाई और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की सुंदर प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और पूरे विद्यालय परिसर को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में बेहद आकर्षक लग रहे थे। उनके नृत्य, भजन और झांकियों ने वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती ममता वर्मा, ग्राम प्रधान निगोहा अभय दीक्षित सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता की सभी ने सराहना की।
प्रधानाध्यापिका ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में संस्कार, संस्कृति और रचनात्मकता का विकास होता है।
