सीसीटीवी में देर रात घर से निकलते दिखे दोनों, धमकी देने का भी आरोप; पुलिस जांच में जुटी…..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के बैरिसालपुर गांव में एक किन्नर के घर से करीब 90 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़िता करिश्मा किन्नर ने अपने साथ रहने वाली दो किन्नरों सोनी और सुरीली पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत में दोनों पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।करिश्मा किन्नर के मुताबिक, बीते 31 अगस्त को उसकी साथी प्रियंका सिंह रघुवंशी सोनी और सुरीली को चारबाग स्थित एक होटल से समझाकर बैरिसालपुर स्थित घर लेकर आई थीं। रात करीब आठ बजे समझाने के बाद प्रियंका अपने आवास चली गईं, जबकि दोनों साथी घर में ही रुक गईं।
आरोप है कि प्रियंका के जाने के बाद दोनों साथी घर के अलग-अलग कमरों में सामान देख रही थीं। रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच घर में रखा एक पर्स गायब हो गया। पर्स में करीब 90 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, नाक की कील और दो जोड़ी चांदी की पायल रखी थी।पीड़िता के अनुसार, नकदी पिछले करीब सात दिनों में बधाई कार्यक्रमों से मिली थी, जबकि जेवर जजमानों की ओर से उपहार में मिले थे।करिश्मा ने आरोप लगाया कि दोनों साथियों ने किसी व्यक्ति को मोटरसाइकिल से बुलाया था। कुत्तों के भौंकने पर जब वह बाहर पहुंची तो दोनों को मोटरसाइकिल से जाते हुए देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में भी दोनों के देर रात घर से निकलने की बात सामने आई है।पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद दोनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद मिला। बाद में सोनी से बातचीत के दौरान कथित तौर पर मुकदमा दर्ज कराने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।करिश्मा ने पुलिस से नकदी और जेवर बरामद कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने, सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस मामले में तहरीर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
