मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के हीरालालखेड़ा गांव से दो नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बच्चों के परिजनों की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, हीरालालखेड़ा मजरा सिसेंडी निवासी शफीक ने थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका करीब 10 वर्षीय पुत्र जावेद और उनका करीब 9 वर्षीय भांजा कुर्बान 22 अगस्त को बिना बताए घर से कहीं चले गए। काफी तलाश करने के बाद भी दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने बीएनएस के तहत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बच्चों की तलाश के साथ ही उनके अचानक लापता होने के कारणों और संभावित ठिकानों की जांच में जुटी है।
