हुलासखेड़ा चौकी प्रभारी पर पीड़ित को चौकी से भगाने का आरोप, इंस्पेक्टर ने जांच का हवाला देकर लौटाया आईजीआरएस में शिकायत दर्ज……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के हुलास खेड़ा गांव निवासी मातादीन के घर में घुसकर चोर तेरह बकरियां चोरी कर ले गए। पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को देने और कार्रवाई की गुहार लगाने के बावजूद उसे चौकी से लेकर कोतवाली तक भटकना पड़ रहा है।पीड़ित मातादीन के मुताबिक बीती रात करीब 12:20 बजे उसकी सभी बकरियां घर के अंदर एक कमरे में बंधी थीं और कमरे में ताला लगा था। सुबह उठकर देखा तो कमरे का ताला टूटा पड़ा था और अंदर बंधी तेरह बकरियां गायब थीं। काफी तलाश करने के बाद भी बकरियों का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बकरियों का पता नहीं चल सका।
पीड़ित का कहना है कि घर के आसपास लगे कैमरों की फुटेज में घटना के दौरान पीली नंबर प्लेट वाली मारुति वाहन दिखाई दे रही है। इससे चोरी में किसी वाहन के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।मातादीन के अनुसार, घटना के बाद वह कार्रवाई की मांग को लेकर गुलासखेड़ा चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र देने पहुंचा, लेकिन आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे चौकी से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर इंस्पेक्टर को लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और बकरियों की बरामदगी की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि वहां भी उसे जांच का हवाला देकर चलता कर दिया गया, जबकि अभी तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।पीड़ित ने अब आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40015726126269 दर्ज कराते हुए तेरह बकरियों की बरामदगी और प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि बकरियां उसकी आजीविका का महत्वपूर्ण साधन थीं और चोरी के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच, वाहन की पहचान, मुकदमा दर्ज करने और चोरी गई तेरह बकरियों की जल्द बरामदगी की मांग की है।
