लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के सलेमपुर अचाका में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर अलमारी तोड़ दी और उसमें रखे बीस हजार रुपये नकद, दो जोड़ी चांदी की पायल, नए कपड़े व दो छोटे बक्से समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया और नगराम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार सलेमपुर अचाका निवासी अवधेश सिंह पुत्र दिलीप सिंह के मुताबिक, बीते गुरुवार की रात करीब एक बजे से सुबह चार बजे के बीच अज्ञात चोर घर के पीछे की तरफ से अंदर घुस आए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी अलमारी को तोड़ दिया। अलमारी के अंदर रखे नए कपड़े तथा दो छोटे बक्सों में रखे करीब बीस हजार रुपये नकद और दो जोड़ी चांदी की पायल समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।पीड़ित को घटना की जानकारी सुबह जागने पर हुई। घर का सामान अस्त-व्यस्त और अलमारी टूटी देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने शुक्रवार को नगराम थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वही नगराम थाना प्रभारी अजनी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के खुलासे के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
