बीते शुक्रवार की देर रात आया अज्ञात नंबर से फोन, कहा- तुमको मैं ऊपर पहुंचाऊंगा आलमबाग थाने में दी तहरीर…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर को फोन पर जान से मारने की धमकी बीती शुक्रवार की देर रात अज्ञात व्यक्ति ने पूर्व विधायक के मोबाइल फोन पर कॉल कर उन्हें धमकाया। फोन पर मिली धमकी के बाद पूर्व विधायक ने आलमबाग थाने में लिखित तहरीर देकर मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से उचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।जानकरी के मुताबिक बीती शुक्रवार की देर रात करीब 2:56 बजे पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर के मोबाइल फोन पर 8318008951 नंबर से कॉल आई। कॉल रिसीव करने पर दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने धमकी देते हुए कहा तुमको मैं ऊपर पहुंचाऊंगा। पूर्व विधायक ने जब कॉल करने वाले से उसका नाम और पहचान पूछी तो उसने दोबारा धमकी दी और फोन काट दिया।अचानक देर रात इस तरह की धमकी मिलने से पूर्व विधायक और उनके समर्थकों में चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर ने बताया कि वह 176-मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। वह जनसमस्याओं को लेकर लोगों से मिलते हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो रही हैं।पूर्व विधायक ने आशंका जताई कि उनकी लगातार क्षेत्रीय सक्रियता के चलते उन्हें राजनीतिक रूप से डराने या दबाव बनाने के उद्देश्य से धमकी दी गई हो सकती है। हालांकि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और उसने किस वजह से फोन किया, इसका वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।पूर्व विधायक ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि जिस मोबाइल नंबर से उन्हें धमकी दी गई, उसकी सर्विलांस और तकनीकी जांच कराई जाए। कॉल करने वाले की तत्काल पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक सरकारी सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है।अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने और धमकी के पीछे की वजह का पता लगाने की है। मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास करेगी।फिलहाल घटना को लेकर पूर्व विधायक की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस की कार्रवाई और जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। वही आलमबाग इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने बताया है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फोन नंबर की जांच पड़ताल की जा रही है।
