मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धनवारा में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। प्राथमिक विद्यालय परिसर में पेड़ों की कटाई के दौरान हाइड्रा वाहन असंतुलित होकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार धनवारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में यूकेलिप्टस के पेड़ों की कटाई का कार्य उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज की अनुमति के बाद कराया जा रहा था। कार्य में ग्राम मऊ निवासी सोनू पुत्र राजू गौतम उम्र करीब 22 वर्ष मजदूरी करने गया था।
बताया जा रहा है कि मौके पर हाइड्रा वाहन संख्या UP32 WN 4434 से कटी लकड़ी उठाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान लकड़ी उठाते समय हाइड्रा अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हाइड्रा की चपेट में आने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल मजदूर को सीएचसी मोहनलालगंज ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राम बाबू सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।
