मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित, आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने युवाओं को दिया ‘नेशन फर्स्ट’ का संदेश……
मोहनलालगंज। अम्बालिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में स्टूडेंट डेवलपमेंट काउंसिल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय यूथ पार्लियामेंट-मॉडल यूनाइटेड नेशंस कॉन्फ्रेंस का शनिवार को भव्य समापन हुआ। ‘वन वर्ल्ड, वन वॉयस, काउंटलेस परस्पेक्टिव्स’ थीम पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने वाद-विवाद, संवाद, कूटनीति और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि रामपुर खास, प्रतापगढ़ की विधायक एवं अम्बालिका इंस्टीट्यूट की उपाध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ आगे बढ़ते हुए देश को आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जॉब सीकर के बजाय जॉब गिवर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। प्रतिभा, ऊर्जा और नए विचारों से भरपूर युवा देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के ट्रस्टी नंदजा मिश्रा एवं राघव मिश्रा मौजूद रहे। संस्थान के महानिदेशक प्रो. एस.क्यू. अब्बास, निदेशक प्रो. आशुतोष द्विवेदी एवं अपर निदेशक प्रो. श्वेता मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया।दो दिवसीय सत्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर तर्कपूर्ण ढंग से अपने विचार रखे और कूटनीतिक प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आस्था अग्रवाल, अरुणा पाल, आदित्य राय और अखिल बाजपेयी को विजेता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बेहतर मीडिया रिपोर्टिंग के लिए महिमा सिंह तथा उत्कृष्ट फोटोग्राफी के लिए नूर अख्तर को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।कार्यक्रम का संचालन डीन एकेडमिक्स प्रो. अभिषेक मिश्रा एवं कन्वीनर प्रिया वर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स निदा इकबाल, अरुणिमा सिंह एवं अमित श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
