मोहनलालगंज। कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में मोहनलालगंज पुलिस ने रविवार को एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए फर्जी पारिवारिक रजिस्टर की नकल तैयार कर वरासत के आधार पर भूमि अपने नाम करा ली थी।पुलिस के अनुसार, निगोहा थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर स्थित गाटा संख्या-65 की भूमि को लेकर शिव कुमार की शिकायत पर बीते 28 जनवरी को मोहनलालगंज थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित लवकुश पुत्र शत्रोहन, निवासी नेवलखेड़ा को पुलिस टीम ने रविवार को दोपहर ब्लू ऑर्चिड के पीछे से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक इस मामले में आरोपी के दो अन्य साथियों राहुल और दशरथ को पूर्व में न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी मजदूरी करता है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
