गढ़ी मोहल्ले में सातवीं बार स्थापित हुई गणेश प्रतिमा को श्रद्धालुओं ने दी भावभीनी विदाई, कई दिनों तक सजी एक से बढ़कर एक झांकियां, समेसी की शारदा सहायक नहर में हुआ विसर्जन
नगराम, लखनऊ। नगराम कस्बे के गढ़ी मोहल्ले में गणेश चतुर्थी के अवसर पर स्थापित की गई भगवान गणेश की प्रतिमा का शुक्रवार को बड़ी धूमधाम और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। गढ़ी मोहल्ले में लगातार आठवीं बार गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी। गणेश उत्सव के दौरान कई दिनों तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्सव के दौरान एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मनमोहक झांकियों और भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान गढ़ी मोहल्ला भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते हुए समेसी स्थित शारदा सहायक नहर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सुनील पटेल रहे। उनके नेतृत्व में गणेश उत्सव एवं विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं, विसर्जन यात्रा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए नगराम थाना पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस की निगरानी में विसर्जन कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराया गया। सातवीं बार आयोजित गणेश उत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
