अदालत में चल रहे मुकदमे की रंजिश में तड़के कब्जे की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई घटना—-
मोहनलालगंज, संवाददाता।
मोहनलालगंज के बैरीसालपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों पर घर के सहन में जबरन डेरा डालकर दुकानों पर कब्जे का प्रयास करने और विरोध पर हत्या की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित कुलदीप भारती ने डीसीपी को शिकायती पत्र देकर परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।कुलदीप के मुताबिक, उनके पिता ने घर के सामने दो दुकानें बनवाई थीं। पिता की मृत्यु के बाद रामनरायन अपने बेटों आयुष और सचिन के साथ दुकानों पर कब्जे का प्रयास करने लगा। इसे लेकर कुलदीप व उनके भाइयों ने सिविल वाद न्यायालय में दाखिल किया। गुरुवार पीड़ित ने पुूरे मामले की शिकायत डीसीपी से मिलकर की है।
शिकायत के मुताबिक, मुकदमे में विपक्षी की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया गया। इसके बाद 20 जुलाई 2026 को न्यायालय ने वाद की कार्यवाही एकपक्षीय रूप से आगे बढ़ाई। आरोप है कि इसी रंजिश में 22 सितंबर की तड़के करीब 4:30 बजे रामनरायन अपने परिजनों के साथ कुलदीप के घर पहुंचा और सहन में डेरा डालकर दुकानों पर कब्जे का प्रयास किया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना—–
पीड़ित का कहना है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों के पहुंचने और परिसर में डेरा डालने की घटना रिकॉर्ड हुई है। विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इससे परिवार में दहशत का माहौल है।पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसने पुलिस आयुक्त से सहन से कब्जा हटवाने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
