नगराम, लखनऊ। मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को नगराम थाना क्षेत्र के छतौनी गांव में पुलिस ने चौपाल लगाकर महिलाओं, बेटियों और बच्चों को उनके अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन थाना प्रभारी अंजनी सिंह के निर्देशन में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा किया गया।चौपाल में महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं व बेटियों को महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, महिला हेल्प डेस्क और महिला सुरक्षा केंद्र सहित पुलिस की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1090, 181 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई।पुलिस टीम ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इसके अलावा महिलाओं और छात्राओं को यूपी कॉप एप समेत पुलिस की अन्य ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। महिला पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा साइबर अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें।थाना प्रभारी अंजनी सिंह के निर्देशन में महिला पुलिस टीम द्वारा गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और बेटियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी मिल सके।
