शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश, पारदर्शी कार्यशैली पर दिया जोर——
मोहनलालगंज, लखनऊ। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन में शनिवार को मोहनलालगंज कोतवाली परिसर में एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने जनसुनवाई कर क्षेत्र से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों से जानकारी लेकर एसीपी ने मौके पर ही त्वरित कार्रवाई कराते हुए शिकायतों का निस्तारण करवाया।जनसुनवाई में फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें एसीपी के समक्ष रखीं। एसीपी ने संबंधित अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव थी, उनमें मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई कराई गई।एसीपी राजेश कुमार सिंह ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात सम्मानपूर्वक और गंभीरता से सुनी जाए। पुलिस महकमे की कार्यशैली स्वच्छ, पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता बिना किसी संकोच के अपनी बात पुलिस के सामने खुलकर रख सकें, इसके लिए पुलिसकर्मी सहयोगात्मक रवैया अपनाएं।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी।इस मौके पर मोहनलालगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह समेत क्षेत्र के विभिन्न हल्कों के दरोगा एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
