हैदरगढ़। विधानसभा क्षेत्र हैदरगढ़ के विकास को लेकर एक और महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिली है। हैदरगढ़–बाराबंकी मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर डबल लेन उपरगामी पुल (आरओबी) के निर्माण के लिए करीब 84 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।विधायक दिनेश रावत के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। साथ ही, आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।परियोजना की स्वीकृति और धनराशि जारी होने पर विधायक दिनेश रावत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हैदरगढ़ की जनता से किए गए विकास संबंधी वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।विधायक ने कहा, “हैदरगढ़ की जनता से हमने जो कहा है, उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किया है। हमने जो कहा, वह किया है और आगे भी करते रहेंगे। विकास के कार्यों का जवाब धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों से दिया जाएगा।”उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। विधायक ने कहा, “मेरे हृदय हैदरगढ़ का विकास ही मेरी प्राथमिकता है।”आरओबी के निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर बार-बार रुकने वाले यातायात को राहत मिलने और क्षेत्र में आवागमन व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
