सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज—-
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भसंडा गांव में घर के पीछे बने हाते में बंधी तीन बकरियां अज्ञात चोर खोलकर ले गए। बताया जा रहा है कि आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे और बकरियों को वाहन में लादकर फरार हो गए। घटना के बाद से गांव में पशु चोरी को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।पीड़ित नंदकिशोर के मुताबिक, बीते शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे एक स्विफ्ट डिजायर कार से कुछ अज्ञात लोग उसके घर के पीछे बने हाते के पास पहुंचे। मौका पाकर आरोपियों ने वहां बंधी तीनों बकरियों को खोल लिया और उन्हें कार में लादकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद जब पीड़ित को बकरियां गायब मिलीं तो उसने आसपास के इलाके में उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।इसके बाद नंदकिशोर ने मोहनलालगंज पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना के समय गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि स्विफ्ट डिजायर कार की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचा जा सके।इंस्पेक्टर मोहनलालगंज राम बाबू सिंह ने बताया कि तीन बकरियां चोरी होने की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त बताए जा रहे स्विफ्ट डिजायर वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
