सोशल मीडिया पर अपील के बाद समाजसेवी, पत्रकार और अधिवक्ता ने बढ़ाया मदद का हाथ—–
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज के हरिकंश गढ़ी स्थित विद्या हॉस्पिटल में भर्ती वरिष्ठ पत्रकार उमेश गुप्ता के भाई की अचानक तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उपचार के लिए चार यूनिट रक्त की आवश्यकता बताई। रक्त की जरूरत की जानकारी मिलते ही परिजनों और साथियों ने रक्त की व्यवस्था शुरू की। सोशल मीडिया के माध्यम से रक्तदान की अपील की गई, जिसके बाद मदद के लिए कई लोग आगे आए।रक्त की जरूरत की जानकारी मिलते ही पीजीआई क्षेत्र के समाजसेवी अतुल तिवारी ने ब्लड बैंक पहुंचकर एक यूनिट रक्तदान किया। वहीं, निगोहां प्रेस क्लब के महामंत्री एवं पत्रकार प्रदीप द्विवेदी और राष्ट्रप्रेमी पुप्पुन तिवारी ने भी एक-एक यूनिट रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। इसके अलावा अधिवक्ता सुरेश सिंह ने भी एक यूनिट अपना रक्तदान किया। इस तरह कुल चार यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत पहुंचाई गई।संकट की घड़ी में बिना किसी भेदभाव के मदद के लिए आगे आए समाजसेवी, पत्रकार और अधिवक्ता की पहल की उमेश गुप्ता के परिवार सहित क्षेत्र के लोगों ने सराहना की। लोगों ने कहा कि समय पर किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
रक्तदाताओं ने उमेश गुप्ता के भाई के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सोशल मीडिया पर की गई एक अपील के बाद जिस तरह लोग मदद के लिए आगे आए, उससे आपसी सहयोग, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूती मिली।
