लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर सैकड़ों छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन, एक घंटे तक लगा रहा जाम——
कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाया और खुलवाया जाम——
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के कनकहा स्थित जावित्री इंस्टीट्यूट में अतिरिक्त शुल्क को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश सड़क पर उतर आया। संस्थान प्रबंधन पर फीस के नाम पर परेशान करने और अतिरिक्त शुल्क न जमा करने पर नर्सिंग छात्रा को परीक्षा में बैठने से रोकने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने लखनऊ-रायबरेली हाईवे जाम कर दिया। अचानक सड़क पर हुए प्रदर्शन से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक यातायात प्रभावित रहा।छात्रा शालिनी यादव, एएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा है। छात्रा के मुताबिक, बीते 22 सितंबर को उसकी परीक्षा थी और उसने निर्धारित फीस जमा कर रखी थी। आरोप है कि अतिरिक्त शुल्क और फाइन के विवाद के चलते उसे परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं दिया गया। बाद में करीब तीन हजार रुपये जमा करने के बाद एडमिट कार्ड दिया गया और शेष फाइन की रकम जल्द जमा करने के लिए कहा गया।इससे नाराज छात्र-छात्राओं ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि उनकी शिकायत और मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ा। सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने संस्थान के बाहर से लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर पहुंचकर बैनर लगाया और सड़क पर बैठ गए। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।छात्रों के प्रदर्शन के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। दोनों तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हाईवे पर जाम की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही मोहनलालगंज कोतवाल रामबाबू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर धरना दे रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत को संस्थान प्रबंधन के सामने रखा जाएगा।काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद छात्र-छात्राओं को हाईवे से हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों का आवागमन शुरू कराया और करीब एक घंटे से लगे जाम को खुलवाया। पुलिस की मौजूदगी में धीरे-धीरे हाईवे पर यातायात सामान्य हुआ।पुलिस ने संस्थान प्रबंधन को भी छात्र-छात्राओं की फीस संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा अनावश्यक रूप से किसी छात्र-छात्रा को परेशान न करने की हिदायत दी। छात्रों ने मांग की कि अतिरिक्त शुल्क और फाइन के मामले में स्पष्ट व्यवस्था की जाए और फीस संबंधी विवाद के चलते किसी छात्र को परीक्षा से वंचित न किया जाए।
