देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, ‘बड़ा खाना’ में दिखी भाईचारे की भावना—–
मोहनलालगंज, लखनऊ। चतुर्थ वाहिनी सशस्त्र सीमा बल का 58वां स्थापना दिवस बुधवार को वाहिनी परिसर में हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि श्री इम्तियाज इस्माइल पर्वे, भा.पु.से., उप महानिरीक्षक रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने पारंपरिक रूप से केक काटकर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप महानिरीक्षक इम्तियाज इस्माइल पर्वे ने चतुर्थ वाहिनी के 58 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन और राष्ट्र की सुरक्षा में दिए गए योगदान की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा में जुटे रहने का आह्वान किया। उन्होंने वाहिनी के सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।स्थापना दिवस समारोह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए वाहिनी के जवानों और उनके परिजनों ने देश की विविध एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।समारोह के समापन पर एसएसबी की पुरानी परंपरा के अनुरूप ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी, जवान, उनके परिजन और स्थानीय अतिथियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारे और पारिवारिक भावना का संदेश दिया गया।कार्यवाहक कमांडेंट श्री परषोत्तम लाल शर्मा और वाहिनी के अधिकारियों ने मुख्य अतिथि का आभार जताया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के मंच संचालन की जिम्मेदारी उप-कमांडेंट नीरज कुमार सिंह की देखरेख में रही, जबकि उप निरीक्षक शिवेन्द्र दीक्षित ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की एंकरिंग की।कार्यक्रम ने चतुर्थ वाहिनी के गौरवशाली अतीत को याद करने के साथ ही राष्ट्र की सेवा और सुरक्षा के प्रति जवानों के कर्तव्य, समर्पण और प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संदेश दिया।
