मोहनलालगंज।राजनारायण जायसवाल इण्टर कॉलेज, नगराम में गुरुवार को पॉक्सो यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम-2012 जागरूकता कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को यौन अपराधों से सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट एकलव्य सरोज उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार चतुर्वेदी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया।अपने संबोधन में न्यायिक मजिस्ट्रेट एकलव्य सरोज ने छात्रों को पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने गुड टच और बैड टच के बीच अंतर को सरल उदाहरणों से समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने साथ होने वाली किसी भी असहज घटना को छिपाना नहीं चाहिए और तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर बिना डरे शिकायत करनी चाहिए। उन्होंने कानून द्वारा बच्चों को दिए गए संरक्षण की जानकारी भी दी।कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि जिस प्रकार हम बच्चों की सुरक्षा करते हैं, उसी प्रकार वृक्षों की सुरक्षा कर पर्यावरण को भी सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। प्रधानाचार्य ने इस पुनीत कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
