चतुर्थ वाहिनी में शपथ के साथ चला सफाई अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ पौधरोपण—–
मोहनलालगंज, लखनऊ। चतुर्थ वाहिनी सशस्त्र सीमा बल परिसर में शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत शपथ, स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम का नेतृत्व द्वितीय कमान अधिकारी श्री परषोत्तम लाल शर्मा ने किया। इस दौरान वाहिनी मुख्यालय के साथ सभी समवायों में अधिकारियों एवं जवानों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। शपथ के बाद अधिकारियों और जवानों ने वाहिनी परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया। परिसर में जमा कूड़ा-कचरा हटाकर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। अधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ परिवेश के साथ अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी सभी को योगदान देना चाहिए।कार्यक्रम में श्री ललित कुमार, श्री विजय कुमार ईसर, नीरज कुमार सिंह, उप-कमांडेंट सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अधिकारियों और जवानों ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश केवल सरकारी संस्थानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे घर, गांव और समाज के प्रत्येक स्तर तक पहुंचाना जरूरी है। स्वच्छता, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हैं। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण के निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया गया।
