कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क–
मोहनलालगंज, लखनऊ। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर नगराम नगर पंचायत क्षेत्र में जगह-जगह माता रानी के जागरण और दुर्गा पूजा पंडालों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगराम थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कस्बा नगराम में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख स्थानों और धार्मिक आयोजनों वाले क्षेत्रों में भ्रमण किया। इस दौरान दुर्गा पंडालों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पूजा-अर्चना और माता के दर्शन के लिए पहुंचने को देखते हुए पुलिस की सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नवरात्र के अवसर पर कस्बे में धार्मिक आयोजनों और माता के जागरण को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह की पैदल गश्त और दुर्गा पंडालों के भ्रमण से धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की निगरानी बनी रही। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।पुलिस की अपील: त्योहार के दौरान सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि नवरात्र का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
