लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहे थे चारों आरोपी, पुलिस ने घर से दबोचकर न्यायिक हिरासत में भेजा—-
मोहनलालगंज, लखनऊ। नगराम पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट के अनुपालन में रविवार को चार वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी लंबे समय से न्यायालय में नियत तिथियों पर उपस्थित नहीं हो रहे थे। गिरफ्तारी के बाद सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने अभियान के तहत चारों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पालखेड़ा मजरा पतौना निवासी जंगली प्रसाद पतौना निवासी शिवकुमार छोटीखेड़ा निवासी सुरेंद्र कुमार और समेसी निवासी अनूप कुमार शामिल हैं।जंगली प्रसाद के खिलाफ नगराम थाने में दर्ज मुकदमे से संबंधित न्यायालयी वाद में वारंट जारी था। वहीं, शिवकुमार के खिलाफ वर्ष 2008 के मुकदमे में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित धाराएं दर्ज हैं। सुरेंद्र कुमार के खिलाफ वर्ष 2013 के मुकदमे में दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। जबकि अनूप कुमार के खिलाफ वर्ष 2023 के मुकदमे में महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, हत्या के प्रयास और गाली-गलौज से संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज है।चारों वारंटियों की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक चंद्रशेखर, उपनिरीक्षक रामहरीश यादव, कांस्टेबल सूरज कुमार और कांस्टेबल संजय कुमार चौहान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई।
