मोहनलालगंज पुलिस की जांच में खुला मामला, शराब के नशे में विवाद के बाद साढ़े नौ हजार की लूट की फैलाई थी अफवाह—–
मोहनलालगंज, लखनऊ। सोशल मीडिया पर साढ़े नौ हजार रुपये की लूट का वीडियो वायरल होने के बाद मोहनलालगंज पुलिस ने जांच की तो सूचना झूठी निकली। पुलिस के मुताबिक, शराब के नशे में दो युवकों के बीच गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर लूट की घटना के रूप में प्रसारित किया गया। मामले में पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, बीते शनिवार की रात को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें साढ़े नौ हजार रुपये लूटे जाने की सूचना दी गई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए मोहनलालगंज पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से वायरल वीडियो की पड़ताल की।जांच में सामने आया कि मोहनलालगंज के गौरा निवासी उमेश और भूईयादीन के बीच शराब के नशे में एक-दूसरे को अपशब्द कहने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इसी आपसी विवाद को लूट की घटना बताकर सोशल मीडिया पर झूठी सूचना प्रसारित की गई थी। जांच में साढ़े नौ हजार रुपये की लूट की सूचना असत्य पाई गई।मामले में पुलिस ने मोहनलालगंज के गौरा निवासी उमेश पुत्र पूर्णमासी और भूईयादीन पुत्र नरपत उर्फ गदेला को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी मोहनलालगंज राम बाबू सिंह ने मामले में त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने अपील किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी घटना से संबंधित वीडियो या सूचना साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें, ताकि भ्रामक सूचनाओं से लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम न फैले।
