आलमारी और लॉकर तोड़कर चोरों ने उड़ाए सोने-चांदी के आभूषण, अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज——-
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे मौरावा रोड पर स्थित संकट मोचन मंदिर के पास कालोनी में स्थित मकान में चोरों ने ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार संकट मोचन मंदिर कॉलोनी के पास रहने वाली कनक दीक्षित पत्नी स्वर्गीय वीरेन्द्र दीक्षित के घर में बीते शनिवार को अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी व लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे पचास हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।पीड़िता के मुताबिक, चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो जोड़ी सोने की बाली, एक जोड़ी सोने के झाले, एक सोने की अंगूठी, चांदी के दो सिक्के और एक चांदी की राखी शामिल हैं। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। वही मोहनलालगंज पुलिस ने चोरी के मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत धाराओं में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
