लखनऊ। नगराम के हुसैनाबाद गांव के पास शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। नगराम के दुल्हापुर गांव निवासी देशराज ने बताया कि उसके भाई रामराज (20) की पत्नी अंजली शुक्रवार की सुबह अपने बहनोई राजकमल के साथ मोहनलालगंज के बलसिंहखेड़ा स्थित घर चली गयी थी। बहनोई के घर पत्नी अंजली को लेने भाई रामराज अपनी बाइक से रात आठ बजे के करीब जा रहा था। तभी हुसैनाबाद- गुमानीखेड़ा मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भाई गम्भीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस घायल रामराज को इलाज के लिये सीएचसी लेकर गयी, जहां डाक्टर ने उसकी हालत गम्भीर देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। परिजन उसे एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिये ट्रामा सेंटर लेकर गये। जहां इलाज के दौरान युवक ने दमतोड़ दिया।