लखनऊ। मोहनलालगंज में नवांगतुक उपजिलाधिकारी पवन पटेल ने पदभार ग्रहण करते ही कार्यशैली में दृढ़ता और जवाबदेही का परिचय दिया है। उन्होंने गुरुवार को नगर पंचायत मोहनलालगंज और ग्राम पंचायत भावा खेड़ा स्थित गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविकता परखी। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर उन्होंने तत्काल सख्त निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी पवन पटेल ने पाया कि गौशालाओं में गोवंश के लिए चारा और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और प्रबंधन को फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि,गोवंशों की देखभाल केवल जिम्मेदारी नहीं, हमारा नैतिक कर्तव्य भी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके साथ ही उपजिलाधिकारी ने गौशालाओं में स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और गोवंशों के लिए शेड की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब सिर्फ कागजों पर नहीं, जमीनी हकीकत में सुधार नजर आना चाहिए।उपजिलाधिकारी के इस सक्रिय रवैये से क्षेत्रीय प्रशासन में हलचल है और लोगों में उम्मीद जगी है कि अब गौशालाओं की दुर्दशा खत्म होगी और गोवंशों को राहत मिलेगी। क्षेत्रीय लोगों ने उपजिलाधिकारी के इस कदम की सराहना करते हुए इसे “सकारात्मक पहल” बताया।इस निरीक्षण से साफ संकेत मिलते हैं कि पवन पटेल के कार्यकाल में अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस रहेगा और जनहित व पशुधन कल्याण प्राथमिक एजेंडा में होगा।
