लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के बदनखेड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों द्वारा एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।पीड़ित जगदेव पुत्र स्व. छोटेलाल निवासी बदनखेड़ा के अनुसार, रविवार की शाम उनके पड़ोसी अभिषेक व अतुल पुत्रगण स्व. राम सिंह यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उनके घर में घुसकर पहले गाली-गलौच की। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूंसों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।शोर सुनकर पीड़ित की पत्नी किरण और बेटा संदीप बचाव के लिए आगे आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में जगदेव और उनकी पत्नी किरण को गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद पीड़ित ने निगोहां थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
