वृन्दावन जन कल्याण समिति ने सावन और हरियाली तीज पर रचा अध्यात्म का अनुपम संगम…..
लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र के वृंदावन कॉलोनी में रविवार को एक अलौकिक और आध्यात्मिक वातावरण में दशम महा रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व वृंदावन आवासीय जन कल्याण समिति ने किया, जिसमें समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी शामिल हुए। भगवान शिव की अपार श्रद्धा और भक्ति के इस अनूठे आयोजन में पूरे क्षेत्र का वातावरण “बोल बम”, “हर-हर महादेव” के जयघोषों से गूंज उठा।समिति के अध्यक्ष इंजीनियर लाल बहादुर पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रावण मास और हरियाली तीज के शुभ अवसर पर बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन समिति की परंपरा का हिस्सा बन चुका है, जिसमें हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।समिति के उपाध्यक्ष राम प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि इस आयोजन की शुरुआत वर्ष 2016 में प्रभु महादेव की कृपा से हुई थी। तब से यह कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सावन मास में अनवरत आयोजित किया जा रहा है। भगवान शिव के प्रति समिति के सभी सदस्यों की अटूट श्रद्धा और सेवा भावना इस आयोजन को सफल बनाती है।
समिति के कोषाध्यक्ष हिमांशु शेखर सिंह ने बताया कि इस पावन आयोजन की परंपरा को परम पूज्य पंडित आचार्य धर्मदेव चाणक्य जी और उनके परम स्नेही पंडित आचार्य कार्तिकेय दुबे जी के दिव्य आशीर्वचनों से निरंतर पावनता प्राप्त होती रही है। इस वर्ष भी रुद्राभिषेक की सभी धार्मिक क्रियाएं आचार्य धर्मदेव चाणक्य जी के सान्निध्य में पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से संपन्न हुईं।इस अवसर पर समिति के उप सचिव महेंद्र कुमार मिश्रा ने भी सपरिवार पहली बार आयोजन में सहभागिता की और उन्होंने भावुक होकर कहा कि वे जीवनभर इस महापर्व में सहभागिता निभाते रहेंगे, जब तक प्रभु की इच्छा होगी।संगठन मंत्री गोकरन तिवारी ने सावन मास की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना भगवान शिव को अर्पित है। इस मास में भोलेनाथ की आराधना करने से सभी कष्टों का नाश होता है और भक्तों को असीम कृपा प्राप्त होती है।इस पावन अवसर पर समिति के कई परिवारों ने भी पूरी श्रद्धा से भाग लिया, जिनमें श्रीमती शशि द्विवेदी, एडवोकेट भोलेनाथ दुबे, श्रीमान संजय चौबे, श्रीमान अनिल कुमार शुक्ला, श्रीमती पार्वती शुक्ला और गौरी ने अपनी पुत्री के साथ मिलकर भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम के सफल संचालन और आयोजन के लिए अध्यक्ष इंजीनियर लाल बहादुर पांडेय ने सभी सहयोगी सदस्यों और श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पावन कार्य को सफल बनाने के लिए सभी की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने आचार्य धर्मदेव चाणक्य जी को विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और आध्यात्मिक नेतृत्व में आयोजन को दिव्यता प्राप्त हुई।
अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से प्रार्थना की कि वे सभी को शक्ति, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और भक्ति मार्ग पर अडिग रहने का आशीर्वाद प्रदान करें।
