मोहनलालगंज के धर्मावत खेड़ा में हादसे से मचा कोहराम, पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धर्मावत खेड़ा गांव के सामने रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।मृतकों की पहचान 35 वर्षीय आशीष कुमार यादव पुत्र मलखान सिंह यादव, निवासी ग्राम सठवारा, थाना गोसाईगंज जनपद लखनऊ तथा 40 वर्षीय फूलचंद साहू पुत्र मोहनलाल, निवासी ग्राम पुरसेनी, थाना मोहनलालगंज जनपद लखनऊ के रूप में की गई है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोहनलालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही थाना मोहनलालगंज की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना संबंधित परिवारों को दे दी गई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा तेज रफ्तार और असंतुलित वाहन संचालन के कारण हुआ माना जा रहा है।इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना वाले स्थान पर यातायात नियंत्रण के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
