सावन के तीसरे सोमवार पर अमेठी जनपद के सिंहपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता अहोरवा भवानी धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।श्रद्धालु दूर-दूर से पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे। माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। सावन में शिव के साथ शक्ति की आराधना भी चरम पर पहुंच गई है।भारी भीड़ के बीच दर्शन के लिए श्रद्धालुओं ने लंबी कतारें लगाईं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई थी। लोग नारियल, चुनरी, सिंदूर, फूल-माला और मिठाई लेकर माता के दरबार में पहुंचे।स्थानीय स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। उन्होंने जगह-जगह पेयजल, छांव और प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली। मंदिर समिति ने सुरक्षा और अनुशासन के साथ सभी भक्तों को दर्शन कराने का बेहतर प्रयास किया।सावन के तीसरे सोमवार की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की गई। मंदिर प्रबंधक कुंवर सुरेंद्र बहादुर सिंह की देखरेख में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहीं।
