लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के नवीनगर गांव में बीते मंगलवार को एक दुकान पर बैठे पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने दुकान में घुसकर दोनों को खींचकर बेरहमी से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर फट गए और वे मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना के पीछे एक दिन पहले हुई कहासुनी व मारपीट को वजह बताया जा रहा है।पीड़ित धमराज सिंह पुत्र गोमती प्रसाद निवासी नवीनगर ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि बीते मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने पुत्र दीप सिंह के साथ अमवा-मुजत्जापुर रोड स्थित भदवा चौराहा, नवीनगर पर अपनी दुकान में बैठे थे। बीते सोमवार को हुई कहासुनी को लेकर संतशरण पुत्र छेदालाल, उसके पुत्र लवकुश, तिथि, सूरज व अशोक हाथों में लाठी-डंडा व धारदार हथियार लेकर दुकान पर आ धमके और गाली-गलौज करने लगे।विरोध करने पर हमलावरों ने धमराज और उनके पुत्र दीप पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए दोनों दुकान के अंदर भागे और शटर बंद करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर दुकान के अंदर घुस आए और दोनों को घसीटकर बाहर निकाला और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। हमले में पिता-पुत्र के सिर फट गए और वे बेहोश होकर गिर पड़े।ग्रामीणों की मदद से दोनों को नगराम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। धर्मराज सिंह का कहना है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
