- मुख्य अतिथि रहे भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार वर्मा व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धीरू पांडेय
लखनऊ। निगोहां भारतीय जनता पार्टी निगोहा मंडल की प्रथम परिचय बैठक गुरुवार को मंडल कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार वर्मा एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र पांडेय ‘धीरू’ उपस्थित रहे।मंडल अध्यक्ष ललित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में हाल ही में गठित मंडल कार्यकारिणी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारी शामिल हुए। जिलाध्यक्ष विजय वर्मा ने सभी पदाधिकारियों का परिचय प्राप्त करते हुए उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। साथ ही उन्होंने अपील की कि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाएं और आम जनता तक भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाएं।युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र पांडेय ‘धीरू’ ने युवाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को ऊर्जावान एवं सक्रिय बनाए रखने के लिए युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने युवाओं से पार्टी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष ललित सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह बैठक संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरी कार्यकारिणी एकजुट होकर भाजपा को निगोहा मंडल में और अधिक सशक्त बनाएगी।बैठक में मंडल महामंत्री नवीन मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता रामलाल वर्मा, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित समस्त मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
