- दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग से प्रताड़ित गर्भवती महिला ने 14 माह की बेटी संग तहसील परिसर में किया आत्मदाह का प्रयास……
- मोहनलालगंज तहसील समाधान दिवस में गूंजा महिला का दर्द, बोली–मेरी मौत की जिम्मेदार गोसाईगंज पुलिस होगी…….
मोहनलालगंज/लखनऊ।राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का दर्दनाक मामला शनिवार को तहसील समाधान दिवस के दौरान सबके सामने आ गया। दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग से त्रस्त एक गर्भवती महिला ने अपनी 14 माह की मासूम बेटी के साथ मोहनलालगंज तहसील परिसर में पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने किसी तरह महिला को शांत कर उसकी जान बचाई, लेकिन इस घटना ने पुलिस की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप…….
पीड़िता सीमा वर्मा पत्नी सुनील कुमार यादव निवासी गोसाईगंज ने बताया कि उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, ससुराल पक्ष और अन्य परिजन लगातार दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।
सीमा के अनुसार, बीते 2 जून को विवाद इतना बढ़ गया कि पति, जेठ और देवर ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, गर्भावस्था की हालत में घर से निकालने की कोशिश की और अलमारी में रखे गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।
- पुलिस ने डांट-फटकार कर भगा दिया……
सीमा का आरोप है कि उन्होंने कई बार गोसाईगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय डांट-फटकार कर भगा दिया। न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही किसी आरोपी पर कार्रवाई हुई।तहसील समाधान दिवस पर पेट्रोल लेकर पहुंची महिला पुलिस की इस कथित लापरवाही से तंग आकर शनिवार को तहसील समाधान दिवस के दौरान सीमा अपनी गोद में बेटी को लेकर पेट्रोल की बोतल के साथ तहसील परिसर पहुंचीं। अधिकारियों के सामने ही उन्होंने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की और चिल्लाते हुए कहा—मेरी मौत की जिम्मेदार गोसाईगंज पुलिस होगी।”
- अधिकारियों ने बचाई जान, महिला ने मांगी सुरक्षा……
मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला से पेट्रोल की बोतल छीनी और उसे शांत कराया। महिला ने रोते हुए प्रशासन से गुहार लगाई कि उन्हें और उनकी बेटी को सुरक्षा दी जाए तथा दहेज उत्पीड़न करने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी कार्रवाई नहीं हुई तो वह किसी भी अनहोनी के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराएंगी।
- घटना से तहसील दिवस में हड़कंप पुलिस पर उठे सवाल….
इस दर्दनाक घटना के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई होती तो महिला को यह कदम नहीं उठाना पड़ता। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
