मोहनलालगंज।लखनऊ, राजधानी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन के मोहनलालगंज पुलिस टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर बारह किलो अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की कीमत कई लाख रुपये आंकी जा रही है। मोहनलालगंज पुलिस के अनुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज रजनीश वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात मोहनलालगंज पुलिस टीम को मोहनलालगंज के खुझौली के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की आवाजाही की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की, इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देख वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेरकर उसे दबोच लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद साह पुत्र राम सुभित साह निवासी बरकत नगर, थाना गोसाईगंज, जनपद लखनऊ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के थैले में रखे कपड़े के बीच प्लास्टिक की पन्नी में बारह किलो अवैध गांजा मिला।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। इसके अलावा आरोपी पर पहले से ही अन्य मुकदमे में भी कार्रवाई की गई है। आरोपी का पेशा खेती बताया गया है।एसीपी रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर बड़ी चोट है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज़ी से जारी रहेगा।
