मोहनलालगंज।लखनऊ, मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में एक व्यक्ति की जमीन कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से न्याय की मांग की वही पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही में जुटी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सहजराम पुत्र डोरी, निवासी ग्राम शुतुर खाना मजरा रहमत नगर, हाल पता खुजौली, थाना मोहनलालगंज ने आरोप लगाया है कि बीते 23 मई 2017 को नरेंद्र कुमार पुत्र रामचंद्र, निवासी ग्राम महुरा कला, पोस्ट हसनापुर, लखनऊ ने राजकरण पुत्र रामनारायण, निवासी मियां का पुरवा, तहसील हैदरगढ़, जिला बाराबंकी के साथ मिलीभगत कर उसकी जमीन का फर्जी बैनामा करा दिया।पीड़ित के अनुसार, गाटा संख्या 86स/0.114 हे० व 88स/0.152 हे०, कुल रकबा 0.266 हेक्टेयर भूमि, जो रहमत नगर, गांव में स्थित है, इसका बैनामा जालसाजी कर राजकरण के नाम कर दिया गया। इस बैनामे में बिक्री मूल्य 12 लाख रुपये दर्शाया गया, जिसमें से 10 लाख रुपये पूर्व में चेक के माध्यम से और 2 लाख रुपये नगद दिए जाने का उल्लेख है, जबकि पीड़ित का कहना है कि उसे एक भी रुपया प्राप्त नहीं हुआ।पीड़ित के अनुसार, बैनामे के समय गवाह नंबर-2, देवेंद्र कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा था कि यह गलत बैनामा हो रहा है, लेकिन आरोपी पक्ष ने आश्वासन दिया कि भुगतान कर दिया जाएगा। सहजराम का कहना है कि उक्त भूमि पर वर्षों से उसका कब्जा व दखल है। लेकिन जब वह खेत की जुताई व बुवाई करने पहुँचा, तो विपक्षी पक्ष ने उसे रोकते हुए दावा किया कि जमीन अब उनकी है।वकील के माध्यम से जानकारी लेने पर सहजराम को पूरे मामले का खुलासा हुआ कि बीते 23 मई 2017 को फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया गया है।वहीं पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
