निगोहां। लखनऊ ,रविवार शाम को निगोहां कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया जब रायबरेली की ओर से लखनऊ जा रही एक बाइक के सामने अचानक लंगूर आ गया। लंगूर से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से भिड़ गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई।जानकारी के अनुसार, लखनऊ आलमबाग निवासी 55 वर्षीय राजकुमार रविवार को अपनी पत्नी रामकली के साथ रायबरेली के बछरावां स्थित अपनी बेटी के घर गए थे। शाम के समय दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक निगोहां कस्बे के आरजी होटल के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क पर एक लंगूर कूद पड़ा। राजकुमार बचाव कर पाते इससे पहले ही उनकी बाइक लंगूर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा भिड़ी।हादसे में राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी सुरक्षित रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निगोहां पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए तत्काल ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर लंगूर और बंदर झुंड में घूमते रहते हैं, जिससे राहगीरों को खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
