निगोहां।लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र के भगवानपुर मोड़ पर बीते आठ अगस्त की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। रायबरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता सविता साहू के पुत्र अंकुर कुमार अपने बहनोई अंकित कुमार के साथ बाइक संख्या यू पी 32 पी एम 6546 से भगवानपुर मोड़ पहुंचे थे। दोनों ने सड़क किनारे बाइक खड़ी कर पास की मिठाई की दुकान से सामान खरीदा। इसी दौरान वहीं मौजूद अंकित साहू भी खड़ा था। तभी रायबरेली से लखनऊ की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो यू पी 32 एन यू 3013 के चालक भावेश यादव ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सीधे खड़े लोगों को टक्कर मार दी।इस हादसे में अंकुर कुमार, अंकित साहू और बहनोई अंकित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में तीनों को उपचार हेतु सीएचसी मोहनलालगंज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने अंकुर कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अंकित साहू और अंकित कुमार का इलाज जारी है। बताया गया कि दुर्घटना के दौरान दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गई। निगोहां पुलिस ने पीड़िता की लिखित तहरीर पर मामला दर्ज करते हुए स्कॉर्पियो व चालक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। सड़क पर लापरवाह और तेज रफ्तार वाहन चालकों की वजह से आए दिन ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं। स्थानीय लोग इस मार्ग पर गति नियंत्रण और पुलिस की सख्त निगरानी की मांग कर रहे हैं।
