इन्हौना-अमेठी।आज इन्हौना में माँ अहोरवा भवानी स्टेशन पर काँवर यात्रा का ऐतिहासिक और भव्य आयोजन हुआ। सुबह 9:00 बजे जैसे ही यात्रा माँ अहोरवा भवानी स्टेशन से शुरू हुई, दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा स्टेशन परिसर भक्तिमय माहौल में “बोल बम” के जयकारों से गूंज उठा।मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री मा० राजा मयंकेश्वर शरण सिंह ने विशेष पूजन-अर्चन के बाद काँवरियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि काँवर यात्रा आस्था और ऊर्जा का प्रतीक है।इस अवसर पर कृष्ण कुमार सिंह (मुन्ना सिंह) ब्लॉक प्रमुख तिलाई, अंकित पासी ब्लॉक प्रमुख सिंहपुर समेत क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं, प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने के लिए उपजिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) पूरे समय स्थल पर मौजूद रहे।सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए थाना प्रभारी प्रदीप सिंह अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ मौके पर तैनात रहे। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से पूरा कार्यक्रम शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।काँवर यात्रा आज इन्हौना से सुल्तानगंज (बिहार) के लिए रवाना हुई। कल सुबह काँवरिये गंगा से जल भरकर देवघर के लिए आगे बढ़ेंगे।यह आयोजन स्वर्गीय आशीष गुप्ता जी (पूर्व जिला पंचायत सदस्य, इन्हौना) की स्मृति को समर्पित रहा। आयोजन की पूरी व्यवस्था और स्वागत-अभिनंदन की जिम्मेदारी शिरीष गुप्ता ने निभाई।धार्मिक और सांस्कृतिक रंग में डूबे इस महाआयोजन में श्रद्धालुओं की इतनी भीड़ उमड़ी कि इन्हौना स्टेशन परिसर छोटा पड़ गया।
