.मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज विकास खंड क्षेत्र की सिसेंडी साधन सहकारी समिति में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध न होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद मौजूद होने के बावजूद वितरण की प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है, जिसके कारण किसानों को खुले बाजार से ऊंचे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है।सिसेंडी के किसान दिलीप सिंह ने बताया कि समिति से खाद न मिलने के चलते उन्हें मजबूरी में बाजार से महंगी खाद खरीदनी पड़ रही है। इससे खेती की लागत बढ़ गई है और किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खरीफ की फसल का यह महत्वपूर्ण समय है और ऐसे में खाद न मिलना किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।सूत्रों के अनुसार, समिति से लगभग 700 से अधिक किसान जुड़े हुए हैं, जिनमें से अधिकतर किसान धान और दलहन की फसल की बुवाई व रखरखाव के लिए खाद पर निर्भर हैं। समय पर खाद न मिलने से इन किसानों की खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।इस संबंध में जानकारी देते हुए एडीओ कोऑपरेटिव शिव कुमार ने बताया कि समिति की मशीन अपडेट न होने के कारण खाद वितरण की प्रक्रिया बाधित है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तकनीकी खामी को जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद किसानों को बिना किसी समस्या के खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।स्थानीय किसानों का कहना है कि अगर समय रहते खाद वितरण शुरू नहीं हुआ तो धान जैसी खरीफ फसल की बुवाई और रखरखाव पर गंभीर असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि तकनीकी खामी का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि खेती के इस महत्वपूर्ण मौसम में उन्हें खाद के लिए भटकना न पड़े।
