मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धनवारा और रानीखेड़ा गांव के बीच शुक्रवार की देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ से मौरावां की ओर जा रही तेज रफ्तार वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे खड्ड में जा गिरी और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।कार चला रहे युवक की पहचान दीपू कनोजिया पुत्र स्वर्गीय शंकर लाल कनोजिया निवासी गोमतीनगर, लखनऊ के रूप में हुई है। दुर्घटना के दौरान कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि चालक को केवल हाथ-पांव में हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। बाद में क्षतिग्रस्त कार को जेसीबी मशीन की सहायता से खड्ड से बाहर निकाला गया।
इस बाबत मोहनलालगंज थाना प्रभारी दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि “सड़क दुर्घटना की कोई सूचना थाने पर प्राप्त नहीं हुई है। यदि कोई फरियाद लेकर आता है तो विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां गति-नियंत्रण संबंधी ठोस कदम उठाने की मांग की है।
