लखनऊ।मोहनलालगंज विकास खण्ड क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों में खाद वितरण को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन अचानक गौरा स्थित साधन सहकारी समिति पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान समिति में कई खामियां उजागर हुईं। इस पर उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के समय जिला कृषि अधिकारी तेज बहादुर, एडीओ कोऑपरेटिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं। किसानों ने खाद वितरण को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।गांव के किसान रामलखन ने बताया, “समिति में खाद तो मौजूद रहती है लेकिन हमें समय से नहीं मिलती। मजबूरी में हमें बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ती है।वहीं किसान दिलीप यादव ने कहा, “कृषि कार्य पहले से ही महंगे हो गए हैं। ऊपर से समिति की लापरवाही किसानों की कमर तोड़ रही है।निरीक्षण के दौरान कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ विवाद की स्थिति भी पैदा हो गई। स्थानीय पत्रकारों ने आरोप लगाया कि मुख्य विकास अधिकारी के अर्दली ने कवरेज रोकने के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे मीडिया कर्मियों में नाराजगी देखने को मिली।निरीक्षण के बाद सीडीओ अजय जैन ने किसानों की लाइन लगवाकर स्वयं खाद वितरण प्रक्रिया देखी और मौके पर ही यूरिया खाद किसानों को वितरित कराया। उन्होंने कहा, “किसानों की समस्याओं को किसी भी स्तर पर अनदेखा नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।सीडीओ ने समिति में मिली अनियमितताओं पर जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद वितरण पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
