अमेठी में किसानों को उचित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल के निर्देश पर कृषि विभाग और उपजिलाधिकारी की टीमों ने अलग-अलग केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया।भादर ब्लॉक में उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार और एसडीएम आशीष सिंह ने टीकरमाफी व भादर समितियों का निरीक्षण किया, जहां 14.5 टन यूरिया की उतराई और 500 बोरी यूरिया का वितरण देखा गया। इसी तरह तिलोई में जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह व एसडीएम अमित सिंह ने इफको किसान सेवा केंद्र मंडी जायस समेत कई स्थानों की जांच की।बाजार शुकुल में जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार और नायब तहसीलदार ने दुकानों का निरीक्षण किया। पाली समिति में 550 बोरी यूरिया का वितरण हुआ। इस दौरान सरस्वती एंटरप्राइजेज पर यूरिया के साथ जबरन जिंक बेचने की शिकायत सही पाए जाने पर दुकान का लाइसेंस तत्काल निरस्त कर दिया गया। साथ ही NPK का नमूना जांच के लिए लिया गया।अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिया कि रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाएं और केवल पीओएस मशीन से ही बिक्री करें। जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सीमावर्ती जिलों में उर्वरक बेचने पर संबंधित दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज होगी। इस संबंध में पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
