अमेठी में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव में एक ही बिस्तर पर सो रहीं चाची और भतीजी को नाग-नागिन ने डस लिया। घटना में दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय शकीला और उनकी 15 वर्षीय भतीजी साइमा के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे नाग-नागिन का जोड़ा घर में घुस आया और बिस्तर पर सो रहीं शकीला व साइमा को डस लिया। अचानक चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से दोनों सांपों को मार डाला। मृतका साइमा के पिता कतर में नौकरी करते हैं, वहीं शकीला के पति सऊदी अरब में रहते हैं। घटना की खबर विदेश में मौजूद परिजनों को दी गई है।सूचना मिलते ही राजस्व टीम गांव पहुंची और रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे हुए हैं।स्थानीय कोटेदार मोहम्मद ओसामा ने घटना की पुष्टि की है।
