अमेठी के विकास खंड सिंहपुर क्षेत्र में इस्लामगंज चौराहे से भीखीपुर तक की डामर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इनमें बारिश का पानी और कीचड़ भर जाने से राहगीरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सड़क की मरम्मत जल्द नहीं हुई तो हादसे और बढ़ सकते हैं।समस्या को लेकर मुस्ताक खान, इस्लाम खान, मोहम्मद सलीम और मोहम्मद शोएब सहित कई ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग को शिकायत पत्र भेजा है और सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है।इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर दिलीप गंगवार का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। अब वे जल्द जांच करवाकर सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराएंगे।
