लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आबकारी विभाग के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थिति यह है कि विश्राम खेड़ा मजरा दहियर गांव स्थित देशी शराब की दुकान पर सुबह 4 बजे से ही शराब की बिक्री शुरू हो जाती है, जबकि आबकारी विभाग ने बिक्री का समय सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित कर रखा है।ग्रामीणों के अनुसार, दुकान पर शराब बिक्री पूरी तरह से अवैध तरीके से की जा रही है। शराब का पौवा 20 से 30 रुपये अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। सुबह होते ही ठेके के पिछले दरवाजे से ग्राहक आवाज देते हैं और तत्काल अंदर से शराब गिलास सहित बाहर पहुंचा दी जाती है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस पूरे खेल में स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत है। तभी तो ठेका संचालक और सेल्समैन बिना किसी डर-खौफ के खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर अवैध तरीके से शराब की बिक्री कर रहे हैं।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत कई बार प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाई गई, लेकिन हर बार शिकायतों को अनसुना कर दिया गया। नतीजा यह है कि ठेके पर सुबह से लेकर देर रात तक शराब की अवैध बिक्री का खेल बदस्तूर जारी है।रविवार सुबह जब शराब की बिक्री तय समय से पहले शुरू हुई, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और नियमानुसार शराब बिक्री की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।इस पूरे मामले पर न तो आबकारी विभाग और न ही पुलिस प्रशासन ने कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि आखिरकार नियमों को ताक पर रखकर अवैध शराब बिक्री की इस पूरी व्यवस्था को संरक्षण कौन दे रहा है?
