मोहनलालगंज में पुलिस की नींद में चोरों का आतंक…..
सप्ताहभर पहले सतेंद्र शुक्ला के घर भी हुई थी बड़ी वारदात, चोर आज तक फरार…..
मोहनलालगंज।लखनऊ, राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीते सप्ताह सतेंद्र शुक्ला के घर लाखों की चोरी के बाद अब साहू कॉलोनी, कल्पना इको वर्ल्ड फेस वन में तैनात आर्मी जवान बृजेंद्र कुमार सिंह के घर को चोरों ने निशाना बना डाला। चोर नकदी और जेवरात समेत लाखों का माल पार कर ले गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित की लिखित तहरीर देने के बावजूद मोहनलालगंज पुलिस ने अब तक मामला दर्ज करना तक जरूरी नहीं समझा। पुलिस मौके पर पहुंचकर महज खानापूर्ति कर लौट गई।पीड़ित बृजेंद्र कुमार सिंह (हवलदार), जो इस समय पंजाब बॉर्डर पर तैनात हैं, ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि घर का मेन गेट टूटा है और चोरी हो चुकी है। चोर लाखों का सोना-चांदी और नकदी ले उड़े। जवान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चोरी की इस वारदात में कॉलोनी के सिक्योरिटी गार्ड और एजेंसी की मिलीभगत हो सकती है।स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब हैं और गार्डों की तैनाती सिर्फ दिखावे के लिए की जाती है। कई बार शिकायत के बावजूद न कंपनी ने सुध लिया और न ही पुलिस ने।गौरतलब है कि ठीक एक सप्ताह पहले इसी कॉलोनी के पास सतेंद्र शुक्ला के घर पर भी लाखों की चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस आज तक चोरों को पकड़ नहीं सकी। लगातार हो रही चोरी से लोगों में भय और गुस्सा है, मगर पुलिस कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभा रही है।कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि पुलिस इसी तरह ढुलमुल रवैया अपनाती रही तो चोरियों का सिलसिला रुकने वाला नहीं है।
