लखनऊ। संवाददाता थाना मोहनलालगंज पुलिस ने एक बड़े रियल एस्टेट ठगी मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ओंकारनाथ पाण्डेय को 27 अगस्त को बलिया से दबिश देकर पकड़ा गया और 28 अगस्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
मामला वर्ष 2019 का है, जब बिहार निवासी अभिषेक सिंह ने एच.के. इन्फ्राविजन प्राइवेट लिमिटेड के स्वामीगण विनोद कुमार उपाध्याय, प्रमोद कुमार उपाध्याय और ओंकारनाथ पाण्डेय से ₹9,65,000 में प्लॉट खरीदा था। रजिस्ट्री होने के बावजूद कब्जा नहीं दिया गया। वर्ष 2024 में कब्जा मांगने पर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह संगठित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को प्लॉट बेचकर ठगी करता था। सेना और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को विशेष रूप से निशाना बनाया जाता था क्योंकि उनकी ड्यूटी व्यस्तताओं के चलते वे जमीन का निरीक्षण नहीं कर पाते थे। अब तक करोड़ों की ठगी का खुलासा हुआ है।
वर्तमान में आरोपी विनोद व प्रमोद उपाध्याय जेल में हैं, जबकि फरार चल रहा ओंकारनाथ पाण्डेय अब पुलिस की गिरफ्त में है।
