
मोहनलालगंज।लखनऊ,मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के हरिकंश गढ़ी गांव के सामने स्थित निजी अस्पताल मेडिकेयर की घोर लापरवाही से एक महिला की मौत हो गई। रायबरेली जनपद निवासी 52 वर्षीय मृतका किरन सिंह वही भारतीय किसान यूनियन भानु गुट मजदूर मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह की माता थीं।परिजनों के अनुसार किरन सिंह की तबीयत खराब होने पर उन्हें मेडिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में लगातार परेशानी हो रही थी। इस बीच अस्पताल प्रशासन ने परिजनों से ऑक्सीजन सिलेंडर के नाम पर ₹7600 वसूल लिए। आरोप है कि इसके बावजूद जब मरीज को पैथोलॉजी जांच के लिए वैन से भेजा गया तो उसमें ऑक्सीजन सिलेंडर ही नहीं था। इसी लापरवाही के चलते रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।परिजनों और यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मेडिकेयर अस्पताल लंबे समय से मरीजों के साथ मनमानी और लापरवाही करता आ रहा है। स्थानीय लोग भी इस अस्पताल को क्षेत्र का सबसे भ्रष्ट और लापरवाह अस्पताल बताते हैं।
घटना के बाद भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा ने आक्रोश जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखनऊ को ज्ञापन सौंपा और दोषी अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी दिनों में अस्पताल पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए बाध्य होगा।इस घटना से ग्रामीणों और यूनियन कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि निजी अस्पतालों की मनमानी और भ्रष्टाचार पर जल्द रोक नहीं लगी तो मरीजों की जान लगातार खतरे में पड़ती रहेगी।